पाकिस्तान के 14 सीमा पोस्ट तबाह हुए
जम्मू-कश्मीर में इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से लगातार फायरिंग हो रही है. मंगलवार को फायरिंग में अब तक 8 नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में तीन महिलाएं भी हैं. जबकि घुसपैठ के नए वीडियो से साबित हो गया है कि कैसे पाकिस्तान आतंक को बढावा देने के मिशन में जुटा है. सीमा पर पाकिस्तान की ओर से हो रही फायरिंग का बीएसएफ ने मुंहतोड़ जवाब दिया है. बीएसएफ के अनुसार भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 14 सीमा पोस्ट तबाह हुए हैं. दो पाकिस्तानी रेंजर्स भी मारे गए हैं. बीएसएफ ने रामगढ़ और अरनिया सेक्टरों में पाकिस्तान के खिलाफ ये कार्रवाई की.
एलओसी पर जहां पाकिस्तानी बंदूकें खामोश हैं वहीं पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से इंटरनेशनल बॉर्डर पर लगातार फायरिंग जारी है. आतंकियों की घुसपैठ कराने के मकसद से पाकिस्तानी सैनिक गोलीबारी कर रहे हैं. बॉर्डर पर मुस्तैद बीएसएफ के जवान पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं. इंटरनेशनल बॉर्डर के पास सुबह 6.30 बजे से फायरिंग शुरू हो गई थी. उधर, अरनिया में भी पाकिस्तान की ओर से फायरिंग हुई. कलाल के नौसेरा सेक्टर में सुबह 5.30 बजे के बाद सीजफायर का उल्लंघन किया गया. सीमापार से यहां मोर्टार फेंके गए, हालांकि यहां किसी नुकसान की खबर नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांदीपुरा में भी सिक्योरिटी फोर्सेज और संदिग्ध आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही है. बांदीपुरा में जब आतंकी घिरे तो वहां से फरार हो गए.

