Breaking News 

एनएसजी मुद्दे पर भारत-चीन की बातचीत रही सकारात्मक

परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की सदस्यता को लेकर भारत की चीन के साथ बातचीत सकारात्मक रही है। सोमवार को दोनों देशों के बीच बातचीत का दूसरा दौर बीजिंग में हुआ। विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव अमनदीप सिंह गिल (निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा) ने चीनी विदेश मंत्रालय के शस्त्र नियंत्रण महानिदेशक वांग कुन के साथ बातचीत की। वांग कुन एनएसजी की बैठकों में चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हैं। इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच वार्ता का पहला दौर 13 सितंबर को नई दिल्ली में हुआ था।

नई दिल्ली में सूत्रों ने बताया कि दोनों अधिकारियों के बीच सोमवार की बातचीत ठोस और रचनात्मक रही है। दोनों देशों के नेतृत्व के निर्देशानुसार आगे भी बातचीत जारी रहेगी। सोमवार की बातचीत में परमाणु अप्रसार संधि का मुद्दा भी उठा। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं करने के बावजूद भारत इस नियम का पूरी तरह से पालन करता है।

Related posts

Leave a Comment