दिवाली के अवसर पर सभी जायज लंबित मामलों में मेडिकल वीजा देगा भारत : सुषमा स्वराज
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को कहा कि दिवाली के शुभ अवसर पर भारत सभी ऐसे लंबित मामलों में मेडिकल वीजा देगा, जिनमें वीजा देना जायज है. उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकों की ओर से किए गए ऐसे अनुरोधों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए यह टिप्पणी की.
आमना शमीन नाम की एक पाकिस्तानी महिला की ओर से वीजा के लिए किए गए अनुरोध पर सुषमा ने कहा, ‘कृपया पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग से संपर्क करें. हम इसकी अनुमति देंगे’. शमीन के पिता इलाज के लिए पहले से दिल्ली में हैं और वह उनसे मिलना चाहती हैं. सुषमा ने ट्वीट किया, ‘दीपावली के शुभ अवसर पर भारत आज ऐसे सभी लंबित मामलों में मेडिकल वीजा देगा, जिनमें वीजा देना जायज है’.
On the auspicious occasion of #Deepavali, India will grant medical Visa in all deserving cases pending today, tweets EAM Sushma Swaraj pic.twitter.com/tMywL1QLqa
— ANI (@ANI) October 19, 2017
कल सुषमा ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग को निर्देश दिया था कि वह भारत में इलाज के लिए एक पाकिस्तानी बच्चे को वीजा जारी करे. बच्चे के पिता काशिफ ने ट्विटर पर सुषमा से अनुरोध किया था कि अब्दुल्ला के इलाज के लिए मेडिकल वीजा दिया जाए. काशिफ ने उनसे कहा कि अब्दुल्ला को भारत में लीवर प्रतिरोपण के बाद की जांच करानी है.

