जवानों को दिवाली गिफ्ट
सरकार ने सेना तथा अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को दीपावली पर शानदार तोहफा दिया है. दूरस्थ इलाकों में तैनात जवान अब अपने प्रियजनों से महज एक रुपये प्रति मिनट की दर से सैटेलाइट फोन से बात कर सकेंगे. अभी उन्हें इसके लिए पांच रुपये प्रति मिनट की दर से भुगतान करना होता था. नई दरें दीपावली के दिन से ही प्रभावी हो जाएंगी.
दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा ने इसकी घोषणा करते हुए कहा, ‘दीपावली की पूर्व संध्या पर हम घोषणा कर रहे हैं कि दूरस्थ इलाकों में तैनात सश्स्त्र बलों तथा अर्द्धसैनिक बलों के जवान अब एक रुपये प्रति मिनट की दर से सैटेलाइट फोन से बात कर सकेंगे. इससे वह अपने परिजनों से अधिक बात कर पाने में सक्षम होंगे’. मंत्री ने सैटेलाइट फोन पर लिए जाने वाले किराये को भी खत्म करने की घोषणा की. उन्होंने कहा, ‘अभी सुरक्षा बलों को सैटेलाइट फोन कनेक्शन के लिए प्रति माह 500 रुपये किराया देना होता है. कल से उन्हें कोई किराया देने की जरूरत नहीं है’.

