चीन के साथ तनाव पर बोले जेटली- सेना किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम
सीमा पर चीन के साथ गतिरोध के बीच रक्षामंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में बुधवार (09 अगस्त) को कहा कि भारतीय सशस्त्र बल देश की सुरक्षा के सामने उत्पन्न किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम हैं. उन्होंने रेखांकित किया कि 1962 के युद्ध से सबक लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर के 1948 में कब्जाए गए हिस्सों को वापस पाने की देश के लोगों में प्रचंड इच्छा है.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सहमत हूं कि कुछ चुनौतियां आज भी हैं. कुछ लोगों की हमारी संप्रभुता और अखंडता पर नजर है. लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे वीर सैनिक हमारे देश को सुरक्षित रखने की क्षमता रखते हैं, चाहे चुनौतियां पूर्वी सीमा पर हों या पश्चिमी सीमा पर.’’ जेटली के इस संदेश का इसलिए काफी महत्व है क्योंकि यह ऐसे समय आया है जब भारत और चीन के बीच दो महीने से डोकलाम में गतिरोध बरकरार है. जेटली ने हालांकि इसका उल्लेख नहीं किया.

