Breaking News 

आतंकवाद पर हुई फजीहत तो अब पाक आर्मी चीफ बाजवा ने दी सफाई

अपनी जमीन पर आतंकवाद को पनपने देने और आतंकी संगठनों के खिलाफ माकूल कार्रवाई न करने को लेकर दुनिया के विभिन्न देशों के निशाने पर आया पाकिस्तान अब सफाई देने में जुट गया है। पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्री और अब पाकिस्तानी आर्मी चीफ ने आतंकवाद के मुद्दे पर देश की पॉलिसी का बचाव किया है। पाकिस्तान के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) जनरल कमर जावेद बाजवा ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ कुछ नहीं किया है तो दुनिया के किसी देश ने कुछ नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि अब आतंकवाद के खिलाफ ऐक्शन लेने की बारी दुनिया की है।

डॉनल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका अरबों डॉलर की मदद पाकिस्तान को दे रहा है, इसके बावजूद वह जमीन पर आतंकियों के खिलाफ पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा। इस बयान पर नाराज पाक आर्मी चीफ ने कहा, ‘हमें मदद नहीं चाहिए। हमें आपका सम्मान और भरोसा चाहिए। हमारे द्वारा उठाए गए कदमों और दी गई कुर्बानियों की तारीफ होनी चाहिए।’ आर्मी चीफ ने कहा कि वह सभी देशों के साथ मधुर रिश्ते चाहते हैं। अगर दूसरे देश उन्हें आतंकवाद के खिलाफ लड़ने में मदद नहीं दे सकते तो कम से कम उन्हें अपनी नाकामी के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहिए।

आर्मी चीफ अपनी स्पीच में कश्मीर का राग अलापने और भारत को नसीहत देना न भूले। उन्होंने कहा, ‘भारत को यह समझना चाहिए कि कश्मीर में सैकड़ों हजारों युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए पाकिस्तान या आजाद जम्मू-कश्मीर की दखल की जरूरत नहीं है। यह भारत के हित में है कि वह पाकिस्तान का अपमान करने या कश्मीरियों के खिलाफ बल का इस्तेमाल करने के बजाए कश्मीर मुद्दे के स्थाई हल के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक हल को प्राथमिकता दे।’

Related posts

Leave a Comment