अभी पूरी नहीं हुई नोटबंदी, अब इस नियम का होगा आपके ऊपर असर
एक साल पहले लागू नोटबंदी की कवायद में 50 दिनों में लोगों ने अपनी पुरानी करेंसी बैंकों में जमा कर दी और खर्च चलाने के लिए धीरे-धीरे नई करेंसी प्राप्त कर ली. ऐसे ज्यादातर लोगों के लिए नोटबंदी कोई नई परेशानी लेकर आएगी. लेकिन इनमें से कई ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने नोटबंदी के पहले 50 दिनों के दौरान बैंकों में जरूरत से ज्यादा रकम जमा कराई है. आम आदमी के अलावा देश की कई छोटी-बड़ी कंपनियों ने भी बड़ी मात्रा में कैश जमा किया है. ऐसे लोगों के लिए नोटबंदी एक बार फिर परेशानी खड़ी करने की तैयारी में है.
केन्द्र सरकार नोटबंदी के एक साल का जश्न मना रही है. केन्द्र सरकार दावा कर रही है कि नोटबंदी एक सफल कदम था और इससे देश में कालेधन पर तगड़ी चोट लगी है. अपनी इस दलील को और पुख्ता करने के लिए देश के वित्त मंत्री अरुण जेटली समेत कई आला मंत्री दावा कर चुके हैं कि अब नोटबंदी की कवायद के बाद बारी उन लोगों की है जिन्होंने बेहिसाब कैश को अपने-अपने बैंक खातों में जमा कराया था. केन्द्र सरकार के दावे के मुताबिक टैक्स विभाग के पास ऐसे सभी खातों का आंकड़ा एकत्र हो चुका है और अब वह बड़ी तैयारी के साथ ऐसे खातों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की तैयारी में है.

