Breaking News 

US में 10 दिन में तीसरे भारतीय पर हमला, हमलावर ने कहा- मेरे देश से भाग जाओ

अमेरिका में भारतीय मूल के एक और शख्स के खिलाफ हमला हुआ है. शुक्रवार को वॉशिंगटन प्रांत के कैंट शहर में 39 साल के सिख दीप राय को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक गोली इस सिख की बाजू में लगी और उसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. हालांकि हमले के बाद पीड़ित का परिवार सकते में है.

इस हमले पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि मुझे भारतीय मूल के यूएस नागरिक दीप राय पर हुए हमले के बारे में सुनकर दुख हुआ. मैंने पीड़ित के पिता सरदार हरपाल सिंह से बात की है. हरपाल सिंह ने मुझे बताया कि उनके बेटे के हाथ में गोली लगी है. वह अब खतरे से बाहर हैं और प्राइवेट अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं.

वहीं भारत में अमेरिकी राजदूत ने भी घटना को दुखद बताया. मैरीके कार्लसन ने कहा कि जैसे कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम नफरत और बुराई के हर रूप की निंदा करते हैं.

अमेरिका में ट्रंप के सत्ता में आने के बाद प्रवासियों के खिलाफ नफरत भरे हमले बढ़े हैं. गुरुवार की रात को कैरोलिना में भारतीय मूल के कारोबारी हरनिश पटेल का शव उनके घर के बाहर मिला था. उन्हें किसी ने गोली का निशाना बनाया था. पिछले महीने कंसास में 32 साल के भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचीवोतला को एक रेस्तरां में गोली मार दी गई थी. इस मामलेमें भी हमलावर ने उन्हें अमेरिका से निकल जाने को कहा था.

Related posts

Leave a Comment