यूपी में जल्द होगी इतने हजार होमगार्डों की भर्ती, पढ़िये खबर
उत्तर प्रदेश में 44,000 होमगार्ड जवानों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इन पदों पर भर्ती के लिए नई नियमावली तैयार कर होमगार्ड भर्ती के लिए अलग बोर्ड गठित होगा।
लिखित परीक्षा होगी आयोजित
जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया में अब कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जो इसे पहले से अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, होमगार्ड मुख्यालय सिपाही भर्ती की प्रक्रिया और नियमों का बारीकी से अध्ययन कर रहा है, ताकि भर्ती प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सके। बता दें की यूपी में पहले होमगार्ड भर्ती में केवल दौड़ का ही प्रावधान था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया में सिपाही भर्ती की तर्ज पर एक लिखित परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। यह कदम उम्मीदवारों के चयन को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है।
खास बात
वहीं, चयनित उम्मीदवारों के लिए मेरिट लिस्ट जिलावार तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर अधिक अवसर मिल सकेंगे और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी। इस भर्ती में प्रदेशभर के उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा, और इसे आपदा प्रबंधन की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

