नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर किया पलटवार
लोकसभा चुनाव में हार के बाद से कांग्रेस के अंदर ही आपस में नेताओं का द्वंद जारी है। जब किसी ने हार की जिम्मेदारी नहीं ली तब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की। मगर कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने इस इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद पंजाब में कांग्रेस पार्टी को मिली हार की वजह पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू को बताया है। जिसको लेकर नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह पर पलटवार किया है। दरअसल कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच यह जुबानी जंग लोकसभा चुनाव के पहले से ही जारी है। दोनों के बीच के विवाद की वजह सिद्धू की पत्नी को चंडीगढ़ से टिकट न दिए जाने का था।
नवजोत सिंह सिद्धू ने किया पलटवार
नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी की हार की सामूहिक जिम्मेदारी लेने के बजाय केवल मेरा ही नाम लिया गया। उन्होंने कहा कि कुल 50 विभाग हैं। मगर अन्य किसी विभाग का नाम न लेते हुए केवल मेरे ही विभाग को जिम्मेदार बताया गया। मुझे नहीं पता ऐसा क्यों किया गया मगर मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगा। सिद्धू ने यह भी कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जो चाहे वह फैसला ले सकते हैं।
अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को बताया था हार का जिम्मेदार
दरअसल कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लोकसभा चुनाव में मिली कांग्रेस की हार का जिम्मेदार नवजोत सिंह सिद्धू को बताया था। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से 9 पूर्व मुख्यमंत्री भी चुनाव हार गए हैं। वहीं 17 राज्यों में कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है। इस तरह मिली बुरी हार का जिम्मेदार ठहराते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा था कि नवजोत सिंह सिद्धू का पाकिस्तान के आर्मी चीफ को गले लगाना ही हार का कारण है। वहीं पंजाब के कुछ कांग्रेसी नेताओं ने नवजोत सिंह सिद्धू को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की थी।

मेरे लिखने का सभी के लिए भले कोई अर्थ नहीं होता..
मगर मेरा लिखना हर किसी के लिए व्यर्थ नहीं होता।



