चेनाब नदी पर बनेगा एफिल टावर से भी ऊंचा दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल
भारत को जल्द दुनिया के सबसे ऊंचा रेल पुल का गौरव हासिल होगा क्योंकि जम्मू कश्मीर में चेनाब नदी पर बन रहे इस पुल का निर्माण कार्य पूरे जोर शोर से जारी है. फिनलैंड और जर्मनी के सलाहकारों द्वारा डिजाइन किया गया 1.315 किलोमीटर लंबा यह पुल चेनाब नदी के उपर 359 मीटर की उंचाई पर बन रहा है. यह उंचाई एफिल टावर से 35 मीटर अधिक है.
परियोजना से जुड़े मुख्य रेलवे इंजीनियर बी बी एस तोमर ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य खत्म होते ही यह इंजीनियरिंग की एक अनूठी मिसाल बन जाएगी. कश्मीर रेलवे परियोजना के उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला खंड का हिस्सा रहा यह पुल कटरा और बनिहाल के बीच अहम संपर्क का कार्य करेगा. उच्च भूकंपीय क्षेत्र और सीमा के निकट होने के कारण डीआरडीओ इस पुल पर विशेष ध्यान दे रहा है तथा 12,000 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे पुल को आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र में किसी भी बड़े विस्फोट को झेलने में सक्षम बनाया जाएगा. इस विशालकाय ढांचे का निर्माणकार्य मार्च 2019 तक पूरा करने के लिए वर्तमान में 1,400 कामगार दिन रात काम कर रहे हैं.


