दिल्ली यमुनोत्री राज्य राजमार्ग बना राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 709बी, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना
केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद सत्य पाल सिंह के अथक प्रयासों से केंद्र सरकार ने दशकों से लंबित दिल्ली यमुनोत्री मार्ग को अब नेशनल हाईवे घोषित कर बागपत समेत पश्चिम यूपी के कई जिलों को बड़ी सौगात दी है। इस स्टेट हाईवे को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-709बी नंबर दिया है। इसकी खबर मिलते ही बागपत के चौतरफा खुशी की लहर है।
बसपा शासन काल में साल 2010 में बदहाल दिल्ली-यमुनोत्री स्टेट हाईवे-57 का निर्माण कराने का एलान किया गया था। 2011 में इस हाईवे किनारे खड़े 7500 पेड़ कटवा दिए गए और सैकड़ों मकानों पर बुल्डोजर चलवा दिया गया। इसके बावजूद हाईवे नहीं बना। लोकसभा चुनाव में डा. सत्यपाल सिंह ने उक्त स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे घोषित कराने का वादा किया था। विधानसभा 2017 में भी उक्त हाईवे का मुद्दा छाया रहा।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह ने राज्य सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र केंद्र सरकार को भिजवाया। फिर पेंच फंस गया कि अनापत्ति प्रमाण पत्र एक हजार करोड़ की देनदारियों से रहित होनी चाहिए। सांसद ने फिर सीएम योगी सरकार से देनदारियों रहित अनापत्ति प्रमाणपत्र केंद्र सरकार को भिजवाया। वहीं केंद्र सरकार के सड़क-परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय में मजबूत पैरवी की जिसका सुखद परिणाम मिला। केंद्र सरकार ने दिल्ली-यमुनोत्री स्टेट हाईवे-57 को अब ‘राष्ट्रीय राजमार्ग-709 बी’ घोषित कर दिया। केंद्रीय सड़क-परिवहन एवं राष्टीय राजमार्ग मंत्रालय में उप सचिव राजेश गुप्ता के हस्ताक्षर से जारी गजट में कहा गया कि दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे का गाजियाबाद में लोनी के पास नेशनल हाईवे संख्या-9 के पास से निर्माण शुरू होगा तथा बागपत, शामली होते हुए सहारनपुर में नेशनल हाईवे नंबर-3 को क्रास कर उत्तर प्रदेश की सीमा तक निर्माण होगा। वहीं केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह ने कहा कि अब केंद्र सरकार इस हाईवे को प्रदेश की सरकार से हस्तांतरित करने की मांग करेगी।
इस दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग के नेशनल हाईवे घोषित होते ही बागपत में चौतरफा खुशी की लहर है। दरअसल, अब लोगों को इस मार्ग पर गहरे गड्ढों तथा दुर्घटनाओं से जल्द मुक्ति मिलेगी। नेशनल हाईवे बनने से बागपत से दिल्ली तक का सफर घंटों के बजाए मिनटों में तय हुआ करेगा।


Yas