राष्ट्रपति चुनाव: कल लखनऊ में समर्थन जुटाएंगे कोविंद
राजग के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद कल उत्तर प्रदेश के सत्तारुढ़ दल के सांसदों एवं विधायकों से समर्थन मांगेंगे तथा वह सोमवार को देहरादून में उत्तराखंड के सांसदों एवं विधायकों से बातचीत करेंगे। कोविंद देश भर के अपने दौरे की शुरूआत कल लखनऊ से करेंगे।
बीजेपी के महासचिव भूपेन्द्र सिंह यादव राष्ट्रपति चुनाव के लिए कोविंद के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उन्होंने बताया कि कोविंद राष्ट्रपति निवार्चक मंडल के सदस्यों से समर्थन मांगेंगे। दलित नेता कोविंद की आयु 71 वर्ष है तथा उत्तर प्रदेश उनका गृह राज्य है। यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी करेंगे और आदित्यनाथ के आधिकारिक आवास पर राजग सदस्यों की बैठक होगी। लखनऊ दौरे में कोविंद के साथ यादव के अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और दो सांसद भी रहेंगे।

