वॉशिंगटन पहुंचे PM मोदी ने की भारतीयों से मुलाकात, डोनाल्ड ट्रंप ने बताया सच्चा दोस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर वॉशिंगटन पहुंच गए हैं. भारतीय समयानुसार रविवार की सुबह प्रधानमंत्री ज्वॉइंट बेस एंड्रूज हवाई अड्डे पर उतरे. भारतीय उच्चायुक्त नवतेज सरना अपनी पत्नी अवीना सरना के साथ दिल्ली में अमेरिका की उच्चायुक्त मैरी के लॉस कार्लसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया.
Old partnerships, new friendships – PM @narendramodi arrives at Joint Base Andrews, Washington DC for 1st meeting with President Trump pic.twitter.com/pjOj5pNsU1
— Gopal Baglay (@MEAIndia) June 25, 2017
प्रधानमंत्री के स्वागत में ज्वाइंट बेस एंड्रूज पर बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग उपस्थित थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से मुलाकात की और ऑटोग्राफ साइन किए. इसके बाद प्रधानमंत्री होटल विलार्ड इंटरकॉन्टिनेंटल पहुंचे. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये पांचवां अमेरिका दौरा है.
प्रधानमंत्री यहां दिग्गज कंपनियों के कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे. मोदी 26 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे. पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस पहली मुलाकात पर दुनिया भर की निगाह टिकी हुई है.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी के स्वागत में ट्वीट कर कहा कि सोमवार को महत्वपूर्ण रणनीतिक मुद्दों पर एक सच्चे दोस्त से चर्चा होगी.
Look forward to welcoming India's PM Modi to @WhiteHouse on Monday. Important strategic issues to discuss with a true friend!
— President Trump (@POTUS) June 24, 2017
मोदी के दौरे के समय वॉशिंगटन में भारतीय राजदूत नवतेज सरना एक कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे, जिसमें भारतीय समुदाय के करीब छह सौ नेता शिरकत करेंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद पीएम मोदी 27 जून को नीदरलैंड के लिए रवाना हो जाएंगे. अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका दौरे के समय 26 जून को पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात पर विशेष फोकस रहेगा.

