महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी
महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव की तारीखों का घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों राज्यों में एक ही दिन और एक ही चरण में चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी। दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। वहीं वोटों की गिनती की तारीख़ 24 अक्टूबर तय की गयी है। साथ ही 4 अक्टूबर तक नामांकन किया जा सकता है और 7 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
हरियाणा में 2 नवम्बर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। वहीं महाराष्ट्र में 9 नवम्बर को विधानसभा कार्यालय की समाप्ति हो रही। ऐसे में इससे पहले इन राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी होंगी।
यह भी पढ़ें महाराष्ट्र में हुआ दर्दनाक हादसा, चार लोगों की हुई मौत
महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 8.9 करोड़ है जबकि हरियाणा में लगभग 1.28 करोड़ मतदाता इस चुनाव में भाग लेंगे। हर आम चुनावों और विधानसभा चुनावों की तरह इस चुनाव में भी यदि कोई उम्मीदवार अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी नहीं देता है तो उसका पर्चा रद्द कर दिया जाएगा।
महाराष्ट्र में कुल विधानसभा सीटों की संख्या 288 है तथा हरियाणा में कुल विधानसभा सीटों की संख्या 90 है।मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि दोनों राज्यों में 27 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी । महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के साथ बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। बिहार के समस्तीपुर में लोकसभा सीट पर उपचुनाव 21 अक्टूबर को होगा।इसके साथ ही 17 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी 21 अक्टूबर को संपन्न कराए जाएंगे।
आपको बता दें कि भाजपा को हरियाणा में पहली बार 2014 में पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ। वहीं महाराष्ट्र में 25 सालों से साथ लड़ रही शिवसेना और भाजपा ने 2014 में अलग-अलग चुनाव लड़ने। महाराष्ट्र के इस बार अहम चुनावी मुद्दे हैं वहां पर पड़ने वाला सूखा,किसानों की बढ़ती आत्महत्या और बाढ़ के साथ-साथ मराठा आरक्षण। हरियाणा का सबसे अहम मुद्दा है रोजगार।

