पाकिस्तान इस बार खुद टूट जाएगा : राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान को हमने 1971 में तोड़ा था, एक बार फिर पाकिस्तान टूटेगा. इस बार हम नहीं वो खुद ही टूट जाएगा. हमने पाकिस्तान के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाया, हमारे प्रधानमंत्री वहां दोस्ती का हाथ बढ़ाने गए थे लेकिन उन्होंने सीजफायर का उल्लंघन कर दिया. इतना ही नहीं राजनाथ ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी तो पाकिस्तान के दो टुकड़े हुए हैं अगर वो (पाकिस्तान) अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो शायद उसके 10 टुकड़े हो जाएं।
गृह मंत्री ने कहा कि भारत पाकिस्तान को अपना परिवार मानता है लेकिन ऐसा नहीं है कि रिश्ते सुधारने की एवज में हमारे जवान गोलियां खाते रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान के अधिकारी मुझसे नई दिल्ली में मिले और मैंने उनसे कहा कि हम बॉर्डर पर उन पर फायरिंग नहीं करेंगे, हम उन्हें हमारा परिवार मानते हैं क्योंकि बंटवारे से पहले हम एक थे लेकिन अगर आपकी तरफ से गोलबारी हुई तो हम भी नहीं छोड़ेंगे और गोलियों की गिनती नहीं करेंगे.
राजनाथ ने कहा कि मैं पाकिस्तान गया लेकिन वहां मेरे विरोध में कई प्रदर्शन किए गए. उन लोगों को क्यों नहीं रोका गया? इसके बावजूद मैं वहां गया और भारत के नजरिए को रखा. इस मौके पर उन्होंने इस बात से इनकार किया कि आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठन से भारत किसी तरह का खतरा है. गृह मंत्री ने कहा, ‘आईएसआईएस देश के लिए खतरा नहीं और मैं यह केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में बोल रहा हूं.’

