9 से 12 सितंबर तक घाटी में शांति का सूत्र तलाशने कश्मीर जाएंगे राजनाथ सिंह
गृहमंत्री राजनाथ सिंह के दौरे के साथ कश्मीर में स्थायी शांति के लिए रणनीति के दूसरे चरण की शुरूआत होगी। अगले हफ्ते के अंत में राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर जा रहे हैं, जहां वे केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन और सुरक्षा के हालात की समीक्षा के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गो से मुलाकात करेंगे। कश्मीरियों को गले लगाकर समस्या के समाधान की प्रधानमंत्री की अपील के बाद पहली बार राजनाथ सिंह कश्मीर के दौरे पर होंगे।
उच्च पदस्थ सूत्रों के नौ सितंबर से 12 सितंबर तक राजनाथ जम्मू, कश्मीर घाटी और लेह-लद्दाख तीनों हिस्से का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कश्मीर में स्थायी शांति के उपायों के बारे में तीनों हिस्से में समाज के विभिन्न वर्गो के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। जिनमें सामाजिक, व्यापारिक संगठनों से लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। अभी तक यह साफ नहीं है कि हुर्रियत नेताओं के साथ उनकी मुलाकात होगी या नहीं। वैसे राजनाथ सिंह बार-बार कह चुके हैं कि संविधान के दायरे में वे किसी से भी बातचीत के लिए तैयार हैं। पिछले साल बुरहान वानी की मौत के बाद भड़की हिंसा के बीच राजनाथ सिंह ने श्रीनगर जाकर सभी वर्गो के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। लेकिन हुर्रियत नेताओं ने इससे इनकार कर दिया था।

