सुकमा में 2000 कमांडो की तैनाती जल्द
सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने आज बताया कि सुकमा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बल के जवानों पर 24 अप्रैल को हुये हमले के बाद हाल ही में नक्सलियों के अब तक के सबसे घातक हमलों को देखते हुये यह फैसला किया गया है. इससे पहले 11 मार्च को नक्सल हमले में सीआरपीएफ के 12 जवान और 24 अप्रैल के हमले में 25 जवान शहीद हो गये थे.
अधिकारी ने बताया कि इस तरह के हमलों के मद्देनजर इस क्षेत्र में कोबरा कमांडो की कम से कम 20 से 25 कंपनियां तैनात करने की कार्ययोजना तैयार कर ली गयी है. कोबरा कमांडो की एक कंपनी में लगभग 100 जवान होते हैं. इनकी तैनाती फिलहाल पश्चिम बंगाल, बिहार, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित इलाकों में है.
उन्होंने यहां से जल्द ही कोबरा कमांडो को सुकमा क्षेत्र में स्थानांतरित करने की पुष्टि की. सिर्फ खुफिया सूचनाओं पर नक्सलरोधी अभियानों को संचालित करने के लिये प्रशिक्षित किये जाने वाले कोबरा कमांडो की कार्रवायी शत्रु के ठिकानों को नष्ट कर धन-जन की हानि को न्यूनतम करने पर केन्दि्रत होती है. कोबरा कमांडो की कुल 154 में से 44 टीमें इस समय छत्तीसगढ़ के बस्तर मंडल में तैनात हैं। बस्तर मंडल में सुकमा और दंतेवाड़ा सहित अन्य जिले शामिल हैं.

