शोपियां में गुस्साए ग्रामीणों ने पांच लाख के इनामी आतंकी को मार डाला
कश्मीर के लोग अब न आतंकियों के फरमानों से डरते हैं और न ही उनके नापाक इरादों से। कश्मीरियों में आतंकियों के खिलाफ गुस्सा इतना अधिक है कि वे उनसे भिड़ने से नहीं घबराते। सोमवार देर शाम आतंकियों ने शोपियां में सत्ताधारी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के हलका प्रधान व पूर्व सरपंच की उसके घर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीण और नेता के परिजन आतंकियों पर टूट पड़े और उन्होंने बी श्रेणी के पांच लाख के इनामी आतंकी शौकत अहमद फलाही को मारा डाला। उसके दो अन्य साथियों को जान बचाकर भागना पड़ा। शौकत 25 अक्टूबर 2016 को आतंकी बना था।

