Breaking News 

शी चिनफिंग ने की NSAs की तारीफ, डोभाल ने कहा-अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

सिक्किम सीमा विवाद को लेकर भारत-चीन के बीच जारी गतिरोध के बीच राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बीजिंग में राष्‍ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की। वह ब्रिक्‍स की बैठक में हिस्‍सा लेने बीजिंग पहुंचे थे। इस अवसर पर चीनी राष्‍ट्रपति ने आपसी विश्‍वास एवं सहयोग बढ़ाने के प्रयासों के लिए ब्रिक्‍स देशों के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की जमकर तारीफ की।

वहीं डोभाल ने कहा कि राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक‍ में अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और इसके परिणाम का असर सितंबर में होने वाले ब्रिक्‍स सम्‍मेलन में देखने को मिलेगा। हालांकि गुरुवार को चीनी समकक्ष यांग जिएची के साथ डोभाल के द्विपक्षीय बैठक को लेकर विदेश मंत्रालय की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है। मगर इंडियन एक्‍सप्रेस के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के बीच जारी गतिरोध को खत्‍म करने के लिए आगामी कुछ हफ्तों में उच्‍च स्‍तरीय मुलाकातें-बैठकें हो सकती हैं। सितंबर में होने वाले ब्रिक्‍स सम्‍मेलन से पहले स्थिति सुलझाने पर जोर दिया गया है।

गौरतलब है कि मौजूदा समय में सिक्किम सीमा विवाद को लेकर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच तनातनी जारी है। चीन ने भारतीय जवानों पर सीमा पार करने और डोकलाम क्षेत्र में उनके एक सड़क निर्माण के कार्य को रुकवाने का आरोप लगाया है। वहीं वह अपने सैनिकों को वापस बुलाने की भारत से लगातार मांग कर रहा है। मगर इस मुद्दे पर कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। तनातनी इतनी बढ़ गई है कि चीन की तरफ से सैन्‍य कार्रवाई तक की धमकी भी दी जा चुकी है। हालांकि भारत भी चीन को करारा जवाब देने से चूक नहीं रहा है।

Related posts

Leave a Comment