Breaking News 

वेंकैया नायडू चुने गए 13वें उप राष्ट्रपति

भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू नए उपराष्ट्रपति चुन लिए गए हैं। नायडू ने देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद के चुनाव में विपक्षी दलों के साझा उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी को 272 वोटों के अंतर से हराया। एनडीए उम्मीदवार नायडू को इस चुनाव में कुल 516 सांसदों का वोट मिला तो गांधी के खाते में 244 सांसदों का वोट आया। वोटों के इस बड़े अंतर से साफ है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में भी एनडीए ने न केवल अपना सियासी दबदबा जारी रखा बल्कि विपक्षी खेमे के दर्जन भर से ज्यादा सांसदों ने नायडू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की।

उपराष्ट्रपति चुनाव में गोपालकृष्ण गांधी के चेहरे के बावजूद नायडू के पक्ष में हुई क्रास वोटिंग जाहिर तौर पर विपक्ष के लिए झटका है। इस चुनाव में कुल 785 में से 771 सांसदों ने वोट डाला। इसमें से 11 सांसदों का वोट अवैध करार दिया गया। 14 सांसद मतदान में शामिल नहीं हुए इसमें 11 विपक्षी दलों के सदस्य थे। जबकि एक पीएमके नेता अंबूमणि रामदास किसी खेमे के नहीं थे। विपक्षी दलों के 11 वोट नहीं डालने वाले सदस्यों में सबसे अधिक 4 तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस के दो-दो, आइयूएमएल के दो और एनसीपी के एक सांसद थे। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और सांवरलाल जाट बीमार होने की वजह से वोट नहीं डाल पाए। इस लिहाज से एनडीए के शत प्रतिशत सांसदों ने वोट डाला।

Related posts

Leave a Comment