News 

भारत जापान परमाणु सहयोग समझौता क्रियान्वित 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान भारत एवं जापान के बीच परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग को लेकर गत वर्ष टोक्यो में हुआ समझौता कल बृहस्पतिवार से क्रियान्वित हो गया। विदेश सचिव एस. जयशंकर और भारत में जापान के राजदूत केन्जी हिरामात्सू ने इस समझौते के क्रियान्वयन संबंधी दस्तावेजों का यहां आदान प्रदान किया।

इस समझौते पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जापान की यात्रा के दौरान उनकी मौजूदगी में 11 नवम्बर 2016 को हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते के क्रियान्वयन के साथ ही भारत को अपने परमाणु कार्यक्रम के लिए तकनीक एवं अत्याधुनिक जापानी उपकरणों की आपूर्ति का मार्ग खुल गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने नियमित मीडिया ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। श्री बाग़ले ने कहा कि परमाणु सहयोग करार भारत जापान रणनीतिक साझेदारी का परिचायक है और इससे स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे दोनों देशों के बीच परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग एवं विकास को लेकर एक स्थिर एवं विश्वसनीय आधार पर पूर्ण सहयोग संभव होगा।

इस क्रियान्वयन से भारत सरकार के सतत ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता वाली नीति को और बल मिलेगा।

Related posts

Leave a Comment