भारत छोड़ो आंदोलन के 75 साल पूरे होने पर संसद में कार्यक्रम
संसद में आज भारत छोड़ों आंदोलन के 75 साल पूरे होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान संसद में विशेष प्रस्ताव पास किया जाएगा और इस पर चर्चा होगी. चर्चा में सभी पार्टियों के नेता भाग लेंगे. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज लोकसभा में और वित्त मंत्री अरुण जेटली राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत करेंगे.
हालांकि ये कार्यक्रम टाला भी जा सकता है क्योंकि बुधवार सुबह ही अजमेर से बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवर लाल जाट की मौत हो गई है. इसके कारण इस कार्यक्रम को टाला जा सकता है या फिर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत हो सकती है. इससे पहले भी संसद में ऐसी स्थिति आ चुकी है, इस साल के शुरू में बजट पेश होने से पहले ई. अहमद का निधन हो गया था, लेकिन उन्हें श्रद्धांजलि देकर बजट पेश किया गया था.
आपको बता दें कि 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत मानी जाती है. पर बहुत कम लोगों को पता है कि ये आंदोलन 8 अगस्त 1942 से आरंभ हुआ था. दरअसल, 8 अगस्त 1942 को बंबई के गोवालिया टैंक मैदान पर अखिल भारतीय कांग्रेस महासमिति ने वह प्रस्ताव पारित किया था, जिसे ‘भारत छोड़ो’ प्रस्ताव कहा गया. इसके बाद से ही ये आंदोलन व्यापक स्तर पर आरंभ किया गया.

