बंगाल की खाड़ी में मंडराया मारूत तूफान का ख़तरा
बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन का खतरा मंडराने लगा है. पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में माया बंदर से तकरीबन 340 किलोमीटर की दूरी पर बना वेदर सिस्टम काफी तेजी से ताकतवर होता जा रहा है और इसी के मद्देनजर मौसम विभाग ने साइक्लोन का अलर्ट जारी कर दिया है. लेकिन राहत की बात यह है कि यह वेदर सिस्टम भारत की तरफ नहीं बल्कि म्यांमार की तरफ जा रहा है. बंगाल की खाड़ी में बनने वाले इस साइक्लोन का नाम मारुत होगा और यह नाम श्रीलंका का दिया हुआ नाम है. इसका मतलब होता है हवाओं का देवता.
मौसम विभाग के साइक्लोन सेंटर के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना यह वेदर सिस्टम 28 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से म्यांमार की तरफ जा रहा है और इसमें इस वक्त 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं उमड़-घुमड़ रही हैं. इस वेदर सिस्टम के प्रभाव से अंडमान निकोबार के तमाम इलाकों में अगले 12 से 24 घंटे के दौरान झमाझम बारिश होगी और इसी के साथ अंडमान द्वीप समूह के आसपास के इलाकों में समंदर अशांत रहेगा. समंदर में ऊंची-ऊंची लहरें भी उठेंगी. लिहाजा अंडमान दीप समूह में लोगों को आगाह कर दिया गया है कि वह घरों में रहें और समंदर के किनारे ना जाएं.

