नौसेना की बढ़ती ताकत से परेशान हुआ पाकिस्तान
अजीज ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान हिंद महासागर में शांति भंग करने की कोशिशों का करारा जवाब देगा। अजीज ने भारत पर हिंद महासागर का ‘परमाणुवीकरण’ करने का भी आरोप लगाया। अजीज ने कहा कि भारत द्वारा की जा रही इन कोशिशों के कारण हिंद महासागर में अस्थिरता पैदा होने और वहां की शांति भंग होने का खतरा पैदा हो गया है।
अजीज ने कहा कि भारतीय नौसेना का हिंद महासागर में विस्तार पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘हिंद महासागर की सुरक्षा पाकिस्तान के लिए सामरिक महत्व रखती है।’ उन्होंने कहा, ‘हमें हिंद महासागर की आर्थिक क्षमताओं का अंदाजा हुआ। यह दुनिया के 30 से ज्यादा देशों को समुद्र तट मुहैया कराता है। ना केवल यह एशिया के अहम इलाकों से संपर्क स्थापित करता है, बल्कि दक्षिणी एशिया, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के लिए भी एक मुख्य संपर्क सूत्र है। यह ऑस्ट्रेलिया को यूरोप से जोड़ता है। सभी पक्षों के बीच सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से बातचीत होनी चाहिए, यह बेहद अहम है।’

