नगालैंड में बिगड़े हालात पर गृह मंत्रालय चिंतित
नगालैंड में बिगड़ते हालात को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वहां पर असम राइफल्स को तैनात करने का फैसला लिया है. लोकल बॉडी इलेक्शन में महिलाओं को 33% आरक्षण दिए जाने पर राज्य में तनाव चरम पर है. प्रदर्शनकारी सीएम टीआर जेलियांग और उनकी कैबिनेट के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. बिगड़े हालात में राज्य के मुख्यमंत्री को भी खतरा बताया जा रहा है.
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजीजू ने एनडीटीवी इंडिया को बताया कि “नगालैंड के डीजीपी एलएल दंगेल ने पैरमिलिट्री, यानी सुरक्षा टुकड़ियों की मांग की थी, लेकिन चुनाव होने के कारण सब व्यस्त हैं इसीलिए असम राइफल्स को तैनात किया जा रहा है.” वैसे तो असम राइफल्स की नगालैंड में मौजूदगी रहती है क्योंकि वहां आईजी नॉर्थ बैठते हैं लेकिन मामला कानून व्यवस्था से जुड़ा है इसलिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी जरूरी थी.
मंत्रालय के मुताबिक नगालैंड के डीजीपी ने जो रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी है उसके मुताबिक वहां हालात खराब हो रहे हैं. किरेन रिजीजू ने असम राइफल्स के डीजीपी शोकीन चौहान से बात भी की. उन्होंने बताया कि “राज्य के मुख्यमंत्री को भी खतरा हो रहा है इसलिए खास निर्देश उनके घर की सुरक्षा को लेकर दिए गए हैं.” नगालैंड के मुख्यमंत्री के ठिकानों को दीमापुर में भी टारगेट किया गया है.

