जम्मू-कश्मीर में मंत्री के घर पर आतंकी हमला, पांच राइफलें लूट ले गए आतंकी
जम्मू-कश्मीर के हज एवं ऑकाफ मंत्री फारुक अहमद अंद्राबी के डुरु-अनंतनाग स्थित पैतृक निवास पर आतंकी हमला किया गया। रविवार को हमले के दौरान आतंकियों ने दो पुलिसकर्मियों को जख्मी कर पांच सरकारी एसएलआर राइफलें लूट लीं। घायल पुलिसकर्मियों में से एक की हालत नाजुक है। इस हमले को श्रीनगर व अनंतनाग संसदीय क्षेत्रों की उपचुनाव प्रक्रिया में खलल डालने की साजिश माना जा रहा है।
इस घटना के बाद पूरे दक्षिण कश्मीर में अलर्ट जारी किया गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकत्र्ताओं की सुरक्षा को बढ़ाते हुए, मंत्री के घर हमला करने वाले आतंकियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया गया है।
बता दें कि मंत्री फारुक अहमद अंद्राबी मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के मौसा हैं और अनंतनाग के अंतर्गत डुरु विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी हैं। अनंतनाग लोकसभा सीट के उपचुनाव के तहत 12 अप्रैल को मतदान होना है।

