चीन से तनाव के बीच आज सिक्किम में बॉर्डर इलाकों का दौरा करेंगे आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत
भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत गुरुवार को सिक्किम के दौरे पर जाएंगे. ये दौरा इसलिए अहम है क्योंकि सिक्किम बॉर्डर पर पिछले दो दिन से चीन की दादागीरी सामने आई है. कैलाश मानसरोवर की यात्रा चीन ने रोक दी है. तीर्थयात्रियों को बॉर्डर से वापस लौटा दिया है. बॉर्डर पर तनाव के बहाने चीन पिछले दो दिन से भारत को धमका रहा है. सेना प्रमुख का ये दौरा हालांकि पहले से तय था, लेकिन ये चीन के साथ चल रहे बॉर्डर पर तनाव के ताजा हालात के बीच बहुत महत्वपूर्ण हो गया है. जनरल बिपिन रावत सिक्किम बॉर्डर पर फॉरवर्ड पोस्ट पर जाएंगे और सीनियर कमांडर्स के साथ सुरक्षा के हालात की समीक्षा करेंगे.

