Breaking News 

चाबहार बंदरगाह के जरिए भारत ने अफगानिस्तान भेजी गेहूं की पहली खेप

भारत और अफगानिस्तान ने ईरान के साथ मिलकर अपने रिश्ते को नया आयाम दिया है. विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को ईरान के चाबहार बंदरगाह के जरिए अफगानिस्तान को गेहूं की पहली खेप को हरी झंडी दिखाई. अफगानिस्तान को अनुदान के रूप में दिए जाने वाले गेहूं की यह पहली खेप है.

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और अफगानिस्तान के विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी ने संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भारत से अफगानिस्तान जाने वाले गेहूं की पहली खेप को हरी झंडी दिखाई, जो ईरान के चाबहार बंदरगाह के जरिए अफगानिस्तान पहुंचेगी.”

बयान में कहा गया है, “अफगानिस्तान के लोगों के लिए 11 लाख टन गेहूं की यह खेप भारत सरकार द्वारा दिए गए वचन का हिस्सा है, जिसमें कहा गया था कि वह अफगानिस्तान को अनुदान के आधार पर गेहूं भेजेगा.”

विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने चाबाहार बंदरगाह के माध्यम से अफगानिस्तान जाने वाली इस पहली खेप का स्वागत किया है. भारत, ईरान और अफगानिस्तान के बीच परिवहन और पारगमन गलियारे के रूप में इस बंदरगाह को विकसित करने लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के बीच पिछले साल मई में त्रिपक्षीय समझौता हुआ था.

Related posts

Leave a Comment