खराब खाने की शिकायत करने वाले जवान ने अफसरों पर लगाया धमकाने का आरोप
खराब खाने की शिकायत कर चर्चा में आए बीएसएफ जवान तेज बहादुर का नया ऑडियो चर्चा में है. अपनी पत्नी के साथ फोन पर बातचीत में जवान ने खुलासा किया कि अफसर उसे धमका रहे हैं और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है. इस बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया है.
हालांकि, इस ऑडियो की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है लेकिन जो ऑडियो उस जवान का बताया जा रहा है उसमें वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा है.
इस जवान के परिवार ने भी आरोप लगाया है कि अफसरों की ओर से गलत जानकारी दी जा रही है. मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के आरोपों पर जवान तेज बहादुर की पत्नी ने कहा कि अगर उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं है तो उन्हें देश की सुरक्षा के लिए बंदूक क्यों दी गई है?
बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव के वीडियो जारी करके घटिया खाना दिए जाने और अफसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद देशभर में बहस शुरू हो गई है. एक तरफ जहां कुछ लोगों ने दावा किया है कि कुछ अफसर राशन और अन्य चीजें गांवों में आधी कीमत पर बेच देते हैं, वहीं कुछ पूर्व सैनिकों ने खराब खाना परोसे जाने की खबर को खारिज किया है.

