कश्मीर में हिजबुल का नया कमांडर कासिम, मारे गए आतंकी यासीन इत्तू की लेगा जगह
आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने मोहम्मद बिन कासिम को कश्मीर में अपना नया कमांडर नियुक्त किया है. कासिम, यासीन यातू की जगह लेगा, जो रविवार (13 अगस्त) को मारा गया था. यासीन यातू का मुठभेड़ में मारा जाना संगठन के लिए बड़ा झटका है, वह भी ऐसे समय में, जब उसके पूर्व नेता जाकिर मूसा ने अलग संगठन अंसार गजावत-उल-हिंद बनाने का ऐलान किया है, जिसका कश्मीर में अल कायदा से ताल्लुक है.
सूत्रों का कहना है कि खुफिया रिकॉर्डों के मुताबिक, इस कूट नाम का कोई सक्रिय आतंकवादी कश्मीर में नहीं है, लेकिन सूत्र ने अनुमान लगाया है कि वह व्यक्ति दक्षिणी कश्मीर में सक्रिय हिजबुल का डिवीजनल कमांडर रियाज नैकू हो सकता है. पुलिस के मुताबिक, नैकू (27) पुलवामा जिले के अवंतीपोरा कस्बे का रहने वाला है. वह आतंकी संगठन से वर्ष 2012 में जुड़ा था और दक्षिणी कश्मीर में हुए कई हमलों व अन्य आतंकी गतिविधियों में उसकी संलिप्तता रही है.

