इस्तांबुल आतंकी हमले में 2 भारतीयों की मौत
नए साल के जश्न के दौरान तुर्की के इस्तांबुल में एक नाइटक्लब में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 39 लोगों में दो भारतीय नागरिक हैं. इस हमले में कम से कम 70 लोग जख्मी हुए. हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों की पहचान अबीस हसन रिजवी और खुशी शाह के तौर पर हुई. अबीस पूर्व राज्यसभा सदस्य और मुंबई के बांद्रा के जानेमाने बिल्डर अख्तर हसन रिजवी के पुत्र हैं जबकि खुशी गुजरात की रहने वाली हैं.
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दो भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि करते हए ट्वीट किया, ‘तुर्की से मेरे पास एक बुरी खबर है, इस्तांबुल हमले में हमने दो भारतीय नागरिकों को खो दिया. भारतीय राजदूत इस्तांबुल जा रहे हैं’.
हमले में मारे गए अबीस रिजवी, पूर्व राज्यसभा सदस्य के पुत्र हैं, अबीस रिजवी बिल्डर्स के सीईओ थे और वह 2014 में आई फिल्म ‘रोर: दि टाइगर्स ऑफ दि सुंदरबंस’ सहित कई फिल्मों के निर्माता थे. सुषमा ने रिजवी और खुशी शाह दोनों के परिवारों से बात की और अपनी संवेदनाएं जाहिर की. विदेश मंत्री ने दोनों मृतकों के परिवार के उन सदस्यों के वीजा का इंतजाम कर दिया है जो इस्तांबुल रवाना होने वाले हैं.

