आतंकियों ने बैंक से लूटे 12 लाख रुपये
नोटबंदी से अपने वित्तीय नेटवर्क के तबाह होने से हताश आतंकियों ने मंगलवार को एक बार फिर दक्षिण कश्मीर के हरमेन (शोपियां) में जम्मू-कश्मीर बैंक पर धावा बोलकर बारह लाख रुपये की नकदी लूट ली। वारदात के बाद फरार हुए आतंकियों को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान में सुरक्षाबलों ने एक सेंट्रो कार जब्त की है।
माना जा रहा है कि आतंकी इसी कार में फरार हुए थे। एक फरवरी 2017 से अब तक कश्मीर में बैंक लूट की यह तीसरी और 25 अक्तूबर 2016 से अब तक छठी घटना है। सुबह करीब 11 बजे स्वचालित हथियारों से लैस चार आतंकी जम्मू-कश्मीर बैंक की हरमेन गांव में स्थित शाखा में दाखिल हुए। आतंकियों ने नकाब पहन रखे थे। आतंकियों ने हथियार दिखाकर वहां मौजूद सभी कर्मियों व ग्राहकों को धमकाया और कैश काउंटर पर जमा सारी नकदी को समेट लिया।

