Breaking News 

अमित शाह के बेटे पर लगे आरोपों की जांच हो : सिब्बल

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे पर लगे आरोपों की विपक्षी दलों ने जांच की मांग की है। इसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

कांग्रेस मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिब्बल ने कहा, ‘आज हम प्रधानमंत्री, प्रधान सेवक से एक सवाल पूछते हैं। अब आपका क्या कहना है? क्या आप सीबीआइ को मामले की जांच करने का आदेश देंगे? क्या ईडी से इन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए कहेंगे?’ कांग्रेस नेता ने रेल मंत्री पीयूष गोयल द्वारा जय अमित शाह का बचाव करने पर गहरी आपत्ति जताई। सिब्बल ने कहा कि एक सरकारी मंच से उन्होंने (पीयूष गोयल) जय शाह का बचाव किया। उन्हें केवल सरकार का ही बचाव करना चाहिए। कांग्रेस नेता के अनुसार, अमित शाह के बेटे पर लगे आरोपों की जांच होनी चाहिए।

इस मुद्दे पर माकपा नेता सीताराम येचुरी ने भी सिब्बल के सुर में सुर मिलाया। उनका कहना था कि मोदी सरकार में होने वाले भ्रष्टाचार की कड़ी में यह ताजा उदाहरण है। माकपा महासचिव ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर क्यों चुप्पी साधे हुए हैं? भाकपा नेता डी राजा ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इस मामले की जांच कोर्ट की निगरानी में एसआइटी द्वारा कराने की मांग उठाई। आम आदमी पार्टी ने भी आरोपों की जांच करने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि भाजपा प्रमुख के बेटे पर लगे आरोपों की गहराई से जांच होनी चाहिए।

Related posts

Leave a Comment