अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ घनी भारत पहुंचे
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी अफगानिस्तान में सुरक्षा एवं स्थायित्व को बढ़ावा देने और आतंकवाद की समस्या के खात्मे के प्रयासों को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विस्तृत बातचीत करेंगे। अफगान राष्ट्रपति प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर एक दिन के कामकाजी दौरे पर दिल्ली पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने 16 अक्तूबर को अपने काबुल दौरे में गनी को मोदी की ओर से आमंत्रित किया था। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति गनी अपने भारतीय समकक्ष से मिलेंगे और प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री उनके सम्मान में दोपहर में भोज भी देंगे।
दोनों पक्षों के पास बहुआयामी द्विपक्षीय सामरिक भागीदारी के व्यापक क्षेत्र का जायजा लेने का मौका होगा जिसमें नव विकास भागीदारी शामिल है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि दोनों पक्ष अफगानिस्तान में शांति, सुरक्षा, स्थायित्व एवं समृद्धि के साझा उद्देश्य को बढ़ावा देने और आतंकवाद की समस्या से लड़ने के प्रयासों को लेकर विचार विमर्श करेंगे तथा समन्वय स्थापित करेंगे। दोनों देश परस्पर हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

