अनुष्का-विराट के रिसेप्शन में पीएम सहित उमड़ा सितारों का हुजूम
सेलेब्रिटी होने के अपने ठाट हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अपने शादी के रिसिप्शन के समय परंपरागत भारतीय परिधान में थे। रिसेप्शन ताज डिप्लोमेटिक एन्कलेव के दरबार हॉल में रखा गया था।
देश के सबसे बड़े सेलेब्रिटी में से एक अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की शादी में एक से बढ़ कर एक मेहमान आए थे, जिनमे प्रधानमंत्री मोदी का नाम सबसे ऊपर है। पीएम मोदी रिसिप्शन शुरू होने के लगभग एक घंटे बाद आए और वर वधू को आशीर्वाद दिया। फिर पूरे परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाए।
सितारों से भरे इस रिसेप्शन में लगभग 1000 के करीब मेहमान पहुंचे थे। खास मेहमानों में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, क्रिकेटर युवराज सिंह, पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव, और आइपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला भी उपस्थित थे। वर्तमान क्रिकेट टीम से शिखर धवन, सुरेश रैना और गौतम गंभीर शामिल हुये।
सिनेमा जगत के दोस्तों और पूरी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए मुंबई में भी 26 दिसम्बर को रिसेप्शन रखा गया है। 24 दिसंबर को होने वाले आखिरी टी-20 के बाद सभी खिलाड़ी 26 दिसम्बर वाले रिसेप्शन में भाग लेंगे।





