योगी के मंत्री की दो टूक, विपक्षी दलों को राजनीति करनी है तो हमसे करें
बीएचयू मामले को राजनीति तेज होती जा रही है. इस मामले में यूपी सरकार ने मंगलवार को बीएचयू में हुए घटनाक्रम में न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. इस बारे में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने जानाकरी दी. शर्मा ने सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद कहा, न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं. इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर भी जमकर हमला बोला और खुली चुनौती देते हुए कहा कि राजनीति करनी है तो हमसे करें.
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और कुलपति सहित विश्वविद्यालय प्रशासन से कहा गया है कि वे छात्रों से संवाद स्थापित करें ताकि बाहरी एवं असामाजिक तत्वों को कोई मौका ना मिलने पाए. शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी और सीसीटीवी लगाए जाएंगे. मंत्री ने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि किस तरह बाहर से लोग आए, पथराव किया, पेट्रोल बम फेंके. उन्होंने कहा कि विपक्ष हताश और निराश है क्योंकि जनता ने उसे खारिज कर दिया है. विपक्षी दल शिक्षा के वातावरण को दूषित करना चाहते हैं.

