चीनी सैनिक सिक्किम में घुसे, भारतीय बलों से झड़प, दो बंकर भी तबाह किए
भारतीय सेना और चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिकों के बीच झड़प के बाद सिक्किम के एक सुदूरवर्ती क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया जिसके बाद चीन के सैनिकों ने सीमा पर भारत की तरफ के बंकरों को ध्वस्त किया. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि दोनों बलों के बीच तनातनी के बाद यह घटना सिक्किम के डोका ला जनरल क्षेत्र के लाल्टेन चौकी के पास जून के पहले सप्ताह में हुई जिससे भारत-चीन सीमा पर तनाव पैदा हो गया.
सूत्रों ने कहा कि झड़प के बाद पीएलए ने भारतीय सीमा में घुसकर सेना के दो अस्थायी बंकर क्षतिग्रस्त किये. वर्ष 1962 में भारत चीन युद्ध के बाद से क्षेत्र भारतीय सेना तथा आईटीबीपी के अधीन है. आईटीबीपी सीमा की सुरक्षा में तैनात बल है जिसका अंतरराष्ट्रीय सीमा से 15 किलोमीटर दूर शिविर है.

