नोएडाCrime Featured Article News 

नोएडा में पत्नी को मनाने का अजब तरीका, चुराई कार और बोला- खरीदकर लाया हूं

उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म करने और उसे खुश करने के लिए 22 वर्षीय युवक ने कार चोरी कर ली। इसके बाद वह चोरी की कार लेकर एटा स्थित पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि कार खरीदकर लाया है। लेकिन पुलिस की जांच के बाद उसकी यह कहानी ज्यादा देर नहीं चल सकी।

पार्किंग में खड़ी थी कार

यह मामला 12 सितंबर का है। गाजियाबाद निवासी एक टैटू आर्टिस्ट युवती अपनी हुंडई एक्सटर कार लेकर नोएडा के सेक्टर-18 पहुंची थी। उसने कार पार्किंग में खड़ी की और इंटरव्यू देने चली गई। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटी तो कार पार्किंग से गायब थी। इसके बाद युवती ने सेक्टर-20 थाने में कार चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

पत्नी को मनाने के लिए चोरी की कार

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि नोएडा में ड्राइवर का काम करने वाले 22 वर्षीय अरुण ने कार चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, अरुण का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और वह उसे मनाना चाहता था। पत्नी को प्रभावित करने के लिए उसने कार चोरी करने का फैसला किया।

कार चोरी करने के बाद अरुण उसे लेकर एटा पहुंचा और अपनी पत्नी से कहा कि वह कार खरीदकर लाया है। हालांकि, जल्द ही उसे पता चला कि चोरी की कार को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

मोबाइल बंद कर कन्नौज चला गया

पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद अरुण एटा से कन्नौज में अपनी बहन के घर चला गया। उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन का पता न लगा सके। दूसरी ओर, सेक्टर-20 थाना की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश जारी रखी।

13 सितंबर को पुलिस ने पकड़ा

लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 13 सितंबर को अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की तरफ जाने वाले रास्ते के पास खाली प्लॉट के नजदीक अरुण को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की हुंडई एक्सटर बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, कार का असली नंबर UP14GB1456 है, जबकि उस पर UP16C0007TC/02 की फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। कार की असली नंबर प्लेट डिग्गी में रखी मिली।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related posts

Leave a Comment