स्वदेशी ‘सोनार’ से बढ़ेगी भारतीय नौसेना की निगरानी क्षमता
केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ नीति के तहत समुद्र के भीतर की गतिविधियों की निगरानी के लिए नौसेना को देश में ही बने पोर्टेबल डाइवर डिटेक्शन ‘सोनार’ तकनीक से लैस किया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को भारतीय नौसेना ने टाटा पावर स्ट्रैजिक इंजीनियरिंग डिवीजन (एसईडी) के साथ ‘सोनार’ रडार की आपूर्ति के लिए एक करार किया है। टाटा पावर एसईडी, डीएसआइटी इजरायल से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के आधार पर बेंगलुरु स्थित अपनी इकाई में इनका निर्माण करेगी।
देश के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के सरकार के प्रयासों के तहत नौसेना ने निजी क्षेत्र की कंपनी के साथ दूसरा ऐसा सौदा किया है, जिसमें भारतीय कंपनी द्वारा देश में ही बनाए गए उत्पादों की खरीद की जाएगी।इससे पहले नौसेना ने युद्धपोतों के लिए सतही निगरानी रडार की आपूर्ति के लिए देश की एक प्रमुख कंपनी के साथ समझौता किया था। कहना गलत न होगा कि ‘सोनार’ तकनीक निगरानी के मामले में नौसेना के लिए आंख-कान का काम करती है।

