डोकलाम विवाद के बाद पीएम मोदी ने चीन के प्रधानमंत्री से की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के इतर चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग के साथ आज संक्षिप्त बातचीत की. मोदी ने रविवार को फिलीपीन के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुर्तेते द्वारा दिये गये रात्रि भोज के दौरान भी ली के साथ बातचीत की थी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्विवटर पर लिखा है,‘‘मनीला में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग के साथ दोनों पड़ोसी देशों ने गहन विचार-विमर्श किया. ’’उन्होंने दोनों नेताओं की बातचीत वाली तस्वीर भी जारी की जिसमें दोनों नेता एक सोफा पर बैठकर बातचीत कर रहे है.
मोदी और ली के बीच हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने बाद में मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि बरामदे (लाउन्ज) में यह बैठक हुई जिसमें दोनों नेता दो सम्मेलनों के बीच में एक ब्रेक के दौरान मिले. कुमार ने कहा कि नेताओं की लाउन्ज में हुई बैठक में कोई अधिकारी मौजूद नहीं था इसलिए वह इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी साझा करने में समर्थ नहीं है.

