राम की मूर्ति के लिए शिया मुसलमान भेंट करेंगे चांदी के तीर
यूपी शिया वक्फ बोर्ड ने भगवान राम की प्रस्तावित 100 मीटर ऊंची भव्य प्रतिमा के लिए चांदी के 10 तीर उपहार के रूप में भेंट करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा है. बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा कि कुछ सदस्यों ने यह प्रस्ताव दिया था कि वक्फ बोर्ड के माध्यम से ये तीर भेजे जाने चाहिए. रिजवी ने योगी आदित्यनाथ को लिखे खत में कहा है कि ये तीर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का प्रतिनिधित्व करेंगे. रिजवी ने कहा, ”जिस तरह मर्यादा पुरुषोत्तम राम ने बुराई के खिलाफ संघर्ष किया और अपने तीरों से राक्षण का दहन किया, इसी तरह हम चाहते हैं कि ये तीर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के प्रतीक के रूप में दिखे ताकि देश में सभी धर्मों के लोग शांति के साथ रह सकें.”
रिजवी ने कहा, ”इस क्षेत्र के नवाबों ने हमेशा अयोध्या के मंदिरों का सम्मान किया. यहां तक कि 1739 में नवाब शुजा-उद-दौला ने अयोध्या के मध्य में हनुमान गढ़ी के लिए जमीन दान में दी थी. उसके बाद नवाज आसिफ-उद-दौला ने 1775-1793 के बीच हनुमान गढ़ी मंदिर बनाने के लिए फंड दान में दिया था.” इससे पहले शिया वक्फ बोर्ड विवादित स्थल पर राम मंदिर के निर्माण की वकालत कर चुका है. उसका कहना है कि विवादित जमीन मूल रूप से सुन्नियों की नहीं बल्कि शियाओं की थी.

