अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल आएगा भारत, अंतरिक्ष-साइबर सुरक्षा पर होगी चर्चा
साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष सहयोग के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए एक द्विदलीय अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल अगले हफ्ते भारत का दौरा करने आ रहा है।
11 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस के लैमर स्मिथ करेंगे, जो विज्ञान, अंतरिक्ष और प्रौद्योगिकी पर शक्तिशाली हाउस कमेटी के अध्यक्ष हैं। 15 अक्टूबर से शुरू होने वाली अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु और नई दिल्ली का दौरा करेगा।
कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडलों के अन्य सदस्यों में कांग्रेसी दाना रोहराबाकर, मो ब्रूक्स, एमी बेरा, थॉमस मास्सी, ब्रायन बाबिन, बारबरा कॉमस्टॉक, मार्क सैनफोर्ड और डैरेन सोतो शामिल हैं। अमेरिकी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के दौरे की योजना तैयार करने वाले लोगों के अनुसार, बेंगलुरु में सांसद अंतरिक्ष यान में सहयोग पर चर्चा करेंगे।
इधर दिल्ली में वे साइबर सुरक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी पर भारतीय नेतृत्व से बात करने की योजना बना रहे हैं। सांसद भारत के साथ अमेरिका के सहयोग को बढ़ाने की कोशिश करना चाहते हैं।

