नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए केंद्र से मिल रही मदद की सराहना की
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 1.25 लाख करोड़ रुपये के पैकेज के वादे के तहत केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश में विकास कार्य के लिए मिल रही आर्थिक मदद की सराहना की है. मुख्यमंत्री के लोक संवाद कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से नीतीश ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार को परियोजनाओं के माध्यम विशेष रूप से सड़कों, ऊर्जा के क्षेत्र में और बुनियादी ढांचा खड़ा करने में सहायता प्रदान कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का दृष्टिकोण बिहार के मामले विकास के रूप में बहुत सकारात्मक है. उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की उपस्थिति में प्रधानमंत्री द्वारा चुनाव पूर्व सवा लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिए जाने के वादे के बारे में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सारी योजनाएं उसी का हिस्सा है.
उल्लेखनीय है कि होटल के बदले भूखंड मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के जनता के बीच जाकर सफाई देने की मांग को राजद द्वारा ठुकरा दिए जाने पर प्रदेश की महागठबंधन सरकार में शामिल राजद और कांग्रेस से गत जुलाई महीने में नाता तोडकर नीतीश ने भाजपा के साथ प्रदेश में राजग की सरकार बना ली थी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी 14 अक्टूबर को बिहार आगमन के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत हर्ष की बात है कि पटना विश्वविद्यालय के सौ साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आ रहे हैं. अनेक विकास योजनाओं का शिलान्यास होगा, मोकामा तक छह लेन का कार्यारंभ होगा. शहरी विकास की अनेक विकास योजनाओं का कार्यारंभ होगा

