राम रहीम को लेकर चीन का तंज, मीडिया के जरिए कहा- पहले आंतरिक मसले सुलझाए इंडिया
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को आज सजा सुनाई जानी है. इस बीच चीन भी इस मामले में कूद गया है. चीनी मीडिया ने पंचकूला हिंसा पर तंज कसते हुए कहा कि भारत पहले अपनी आंतरिक समस्या सुलझाए. साथ ही अखबार ने डोकलाम से भारत को सेना हटाने को भी कहा.
चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि डेरा हिंसा भारत का आंतरिक मामला है. चीन को उम्मीद है कि भारत इस मसले को जल्द सुलझा लेगा.
डेरा के बहाने चीन फिर डोकलाम विवाद को बीच में ले आया है. ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है, ”हम चिंतित हैं कि भारत आंतरिक हिंसा से ध्यान भटकाने के लिए डोकलाम विवाद का इस्तेमाल कर सकता है.” हालांकि ऐसी किसी संभावना के सबूत होने से भी अखबार ने इनकार किया है. मगर पूरे लेख में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत पहले आंतरिक मामलों को निपटारा करे. साथ ही ये भी कहा कि इस घटना ने भारत के राजनीतिक हालात को उजागर कर दिया है.
ग्लोबल टाइम्स के इस लेख में साफतौर पर ये कहा गया है कि डेरा सच्चा सौदा की प्रसिद्धि और ताजा हिंसा ने भारत की राजनीतिक और सामाजिक समस्या को सबके सामने लाकर रख दिया है.

