इजरायल में मोदी के स्वागत के लिए तैयारियां शुरू, हिंदी बोलना सीख रहे हैं इजरायली
इजरायल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के लिए जोर-शोर से तैयारियां जारी हैं। इजरायल के 70 साल के अस्तित्व में यह पहला मौका होगा, जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री वहां का दौरा करेगा। मोदी के दौरे को यादगार बनाने के लिए वहां के रहवासी भी हिंदी सीख रहे हैं।
इजरायल स्थानीय लोगों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें वह हिंदी में बात कर रहे हैं। एक लड़की हाथ जो़ड़कर हिंदी में ‘नमस्ते मोदी जी’ बोलती है। एक अन्य शख्स हिंदी में बोलता है, आपकी यात्रा शुभ और मंगलमय हो।’ यह वीडियो ट्विटर पर ‘इजरायल इन इंडिया’ नामक पेज पर साझा किया गया है। प्रधानमंत्री ने भी इस वीडियो पर आभार जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी 4 जुलाई को इजरायल पहुंचेंगे जहां हवाई अड्डे पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रगान भी बजाए जाएंगे। नेतन्याहू 5 जुलाई को तेल अवीव में मोदी के भारतीय समुदाय के संबोधन में भी शामिल होंगे। इस यात्रा में कई एमओयू पर हस्ताक्षर की संभावना है।

