Breaking News 

तिरुपति के पास बेकाबू ट्रक ने प्रदर्शनकारियों को रौंदा, 14 की मौत

आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में शुक्रवार को एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से दुकानों के बाहर खड़े ग्रामीणों में से 14 की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए. तिरुपति शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर, एक तेज रफ्तार ट्रक पहले एक बिजली के खंभे से टकराया. इसके बाद इसने यरपादू में पुतालापट्ट-नायडूपेटा मार्ग पर स्थित दुकानों को रौंद दिया.

पुलिस ने बताया कि यरपादू पुलिस थाने के पास यह हादसा हुआ. तिरुपति शहर की पुलिस अधीक्षक आर. जयालक्ष्मी ने बताया कि कुछ गांवों के लोग स्वर्णमुखी नदी से अवैध खनन की शिकायत करने पुलिस थाने आए थे. इन प्रदर्शनकारियों का एक समूह दुकानों के पास खड़ा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद डाला. ट्रक ने बिजली के खंभे से टकराने के पहले दस दोपहिया, दो ऑटो रिक्शा और एक पुलिस वाहन को कुचल दिया. इस हादसे में चालक और क्लीनर बच गए.

जयालक्ष्मी ने कहा कि ज्यादातर लोग बिजली का करंट लगने के कारण मारे गए. हादसे के समय वह पुलिस स्टेशन में मौजूद थीं. घायलों को तिरुपति के रुइया अस्पताल और श्री वेंकटेश्वरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिक साइंसेज (एसवीआईएमएस) और श्रीकालहस्ती के सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में छह की हालत गंभीर है और उन्हें सीएमसी वेल्लोर और चेन्नई में भर्ती कराया जा रहा है.

Related posts

Leave a Comment