MP के छिंदवाड़ा में राशन बांटते वक्त केरोसिन में लगी आग, 15 की मौत
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की एक सहकारी समिति में शुक्रवार को राशन बांटने के दौरान केरोसिन (मिट्टी के तेल) में अचानक भीषण आग लग गई. अमरवाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत हर्रई के बारगी सहकारी समिति केंद्र में हुए इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की जलकर मौत हो गई.
जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव तिवारी ने बताया, इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की जलने से मौत हो गई है. उन्होंने कहा, अब तक घटनास्थल से 15 शव बरामद हुए हैं, जिनमें से 12 पुरुष और तीन महिलाएं हैं. उन्होंने कहा कि बारगी गांव में हुए इस हादसे के वक्त राशन लेने के लिए करीब तीन दर्जन से ज्यादा लोग कमरे के अंदर मौजूद थे, वहीं करीब सैंकड़ों ग्रामीण बाहर कतार में लगे थे.
तिवारी ने बताया कि इसी दौरान केरोसिन में आग लग गई. इससे पहले कि लोग कुछ समझा पाते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि इस दौरान मची अफरा-तफरी से कमरे में मौजूद लोग बाहर भी नहीं निकल पाए.

