अमेरिका ने सौंपी 271 ‘अवैध प्रवासियों’ की सूची, भारत ने किया लिस्ट लेने से किया इनकार
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने 271 लोगों की एक सूची दी और दावा किया है कि वे भारत के अवैध प्रवासी हैं. सरकार ने शनिवार को अमेरिका से कहा कि वह उन 271 अवैध प्रवासियों के बारे में जानकारी मुहैया कराये जिन्हें वह चाहता है कि भारत वापस ले. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा, “यह चल रहा मामला है. अमेरिकी अधिकारियों ने हमें कुछ समय पहले कहा था कि हमें उपलब्ध कराये गए आंकड़ों में से 271 मामलों का समाधान नहीं हुआ है. यद्यपि इन मामलों की कोई जानकारी मुहैया नहीं कराई गई. हमने उसके बारे में जानकारी मांगी है.”
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कल संसद में कहा था, “हमने यह सूची स्वीकार नहीं की है एवं अधिक जानकारी मांगी है. हमने कहा है कि जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही हम उन्हें भेजे जाने के लिए एक आपात प्रमाणपत्र जारी कर सकते हैं.”
विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज ने राज्यसभा में प्रश्न काल के दौरान कहा था कि ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में भारत सरकार को बताया था कि वह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 270 से ज्यादा भारतीयों को निर्वासित करना चाहता है. भारत सरकार ने निर्वासन की अनुमति देने से पहले 271 लोगों की सूची पर और अधिक विस्तृत जानकारी अमेरिका से उपलब्ध कराने को कहा है.

