भारत और अमेरिका मालाबार अभ्यास को देंगे विस्तार
हिंद महासागर में अपना दबदबा दिखाने की कोशिश कर रहे चीन को काउंटर करने के लिए भारत और अमेरिका रणनीतिक सहयोग बढ़ा रहे हैं। दोनों देश सालाना मालाबार नौसेना अभ्यास को और ज्यादा विस्तार देने की योजना बना रहे हैं जिससे ऐंटी-सबमरीन ऑपरेशन को नई धार मिल सके। जापान अब इस नौसेना अभ्यास का नियमित सहभागी बन चुका है। यह ऐसे वक्त हो रहा है जब हिंद महासागर में चीन की बढ़ती गतिविधियों से भारतीय सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं।
इंडियन नेवी ने हिंद महासागर में चीन की कम से कम 6 पनडुब्बियों का पता लगाया है जिसमें एक पिछले 4 साल से कराची के आस-पास घूम रहा है। हिंद महासागर में चीन की आक्रामक रणनीति की काट के लिहाज से भारत-अमेरिका नौसेना अभ्यास काफी अहम है।

